गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: जिले के गठन के 5 साल पूरे होने पर पेंड्रा के हाई स्कूल मैदान में ‘छठवें अरपा महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शिरकत की और जिले के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये से अधिक के कार्यों की सौगात दी।
गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ नाम
महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ने एक बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ ने सामाजिक समरसता का नया इतिहास रचा है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत पूरे प्रदेश में एक साथ 6,414 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ, जिसे ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में स्थान मिला है।
300 जोड़ों का सामूहिक विवाह, आत्मसमर्पित नक्सली भी शामिल
पेंड्रा के कार्यक्रम स्थल पर जिले के 300 जोड़ों ने सात फेरे लिए। इस विवाह की खास बात यह रही कि इनमें 4 आत्मसमर्पित नक्सली जोड़े भी शामिल थे, जिन्होंने हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में नया जीवन शुरू किया। मुख्यमंत्री ने इन नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया और योजना के तहत सहायता राशि व उपहार भेंट किए।
GPM जिले के लिए बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री साय ने जिले के सर्वांगीण विकास के लिए कई महत्वपूर्ण ऐलान किए:
विकास कार्य: 100 करोड़ 38 लाख रुपये के 113 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन।
कनेक्टिविटी: पेंड्रारोड से अमरकंटक तक 19 किमी सड़क और केवची मार्ग के निर्माण की स्वीकृति।
नई सुविधाएं: जिला मुख्यालय में भव्य ऑडिटोरियम का निर्माण और ‘मुख्यमंत्री बस सेवा योजना’ में GPM जिले को शामिल करना।
पर्यटन: समदलई पर्यटन स्थल में स्टॉप डैम निर्माण की मंजूरी।
“मोदी की गारंटी” और पिछली सरकार पर हमला
संबोधन के दौरान सीएम साय ने कहा कि उनकी सरकार प्रधानमंत्री मोदी की हर गारंटी को पूरा कर रही है, चाहे वह धान खरीदी हो या पीएम आवास योजना। उन्होंने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 5 साल तक छत्तीसगढ़ घोटालों का केंद्र बना रहा, लेकिन अब विकास का नया सूर्योदय हो रहा है।
रतनपुर विकास के लिए 150 करोड़ का प्रस्ताव
कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव की मांग पर मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि रतनपुर के विकास के लिए केंद्र सरकार को 150 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है, जिसे जल्द ही मंजूरी मिलने की उम्मीद है।







