दुर्ग: जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में दोस्ती को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। एक महिला ने अपनी ही सहेली के भरोसे का फायदा उठाते हुए उसके घर से लाखों रुपये के गहने और नगदी चोरी कर ली। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर सारा सामान बरामद कर लिया है।
भरोसे में दी थी घर की चाबी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रार्थिया अपने बेटे के साथ प्रयागराज घूमने गई थी। जाने से पहले उसने अपने घर की सुरक्षा और देखरेख की जिम्मेदारी अपनी सहेली जागेश्वरी मार्कण्डेय को सौंपी थी और उसे घर की चाबी दे दी थी।
वापस लौटने पर टूटी मिली आलमारी
जब महिला प्रयागराज से वापस लौटी, तो घर का नजारा देखकर दंग रह गई। घर का दरवाजा खुला हुआ था और कमरे के भीतर रखी आलमारी का ताला टूटा था। जांच करने पर पता चला कि आलमारी में रखे सोने-चांदी के कीमती जेवर और नगद रुपए गायब हैं।
पूछताछ में सहेली ने कबूला जुर्म
संदेह होने पर जब प्रार्थिया ने अपनी सहेली जागेश्वरी से पूछताछ की, तो उसने चोरी की बात स्वीकार कर ली। आरोपी महिला ने शुरू में सामान वापस करने का झांसा देकर मामले को दबाने की कोशिश की, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी जब उसने जेवर नहीं लौटाए, तो प्रार्थिया ने पुलिस की शरण ली।
3.42 लाख के जेवर बरामद
मोहन नगर पुलिस ने शिकायत दर्ज होते ही त्वरित कार्रवाई की और आरोपी जागेश्वरी को हिरासत में लिया। पुलिस प्रवक्ता मणिशंकर चंद्रा के मुताबिक, आरोपी महिला के पास से करीब 3 लाख 42 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं।
आरोपी महिला पहुंची जेल
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। बरामद जेवरों के साथ आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस घटना ने एक बार फिर लोगों को सचेत किया है कि किसी को भी घर की जिम्मेदारी सौंपने से पहले पूरी सावधानी बरतें।







