रायपुर में न्यू ईयर 2026 का जश्न इस बार हर बार की तरह टाइम से बंधा रहेगा। पुलिस गाइडलाइन के मुताबिक रात 10:00 बजे के बाद कोई भी साउंड सिस्टम नहीं बजेगा और हर तरह का आयोजन रात 12:30 बजे तक बंद करना अनिवार्य होगा। ये निर्देश होटल, रेस्टोरेंट, कैफे, ढाबा, फार्म हाउस और बार — सभी पर लागू होंगे।
IG की बैठक के बाद सख्त निर्देश
न्यू ईयर को लेकर IG रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा ने सभी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सहायक पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारियों के साथ बैठक की। बैठक में नए साल के दौरान ज्यादा सजग रहने और कानून व्यवस्था मजबूत रखने पर जोर दिया गया।
सूखा नशा और अनैतिक गतिविधियों पर नजर
IG ने कहा कि नए साल में लोग सूखा नशा खाने के मामलों में सामने आते हैं, इसलिए इस पर कड़ी निगरानी जरूरी है। क्लब, बार और अन्य आयोजनों में अनैतिक गतिविधियों को रोकने और समय पर कार्यक्रम खत्म कराने के निर्देश दिए गए।
SSP का साफ संदेश 10 बजे बाजा बंद
रायपुर के सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने दो टूक कहा कि रात 10:00 बजे के बाद साउंड सिस्टम नहीं बजेगा।
रात 12:00 से 12:30 बजे के बीच हर हाल में कार्यक्रम बंद होगा। नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
हुड़दंग किया तो सीधा एक्शन
SSP ने साफ किया कि अगर कार्यक्रम के दौरान हुड़दंग, मारपीट या नशे से जुड़ी कोई हरकत पाई गई तो आयोजकों पर कार्रवाई होगी और जरूरत पड़ी तो लाइसेंस भी निरस्त किया जाएगा।
बिना अनुमति नहीं चलेगा कोई कार्यक्रम
न्यू ईयर पर कार्यक्रम कराने वालों को पहले से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। आवेदन में बताना होगा कि कार्यक्रम का प्रकार क्या है? कितने लोग बुलाए गए हैं? कलाकार या सेलिब्रिटी कौन आ रहे हैं? साथ ही, जहां कार्यक्रम होगा वहां CCTV (क्लोज सर्किट कैमरा) लगाना जरूरी होगा।
Breath Analyzer और सादी वर्दी पहनकर सड़कों पर होगी चेकिंग
पुलिस ने बताया कि सड़कों पर Breath Analyzer (शराब जांच मशीन) के साथ पुलिस बल तैनात रहेगा। संदिग्ध लोगों की जांच होगी। हुड़दंग रोकने के लिए सादी वर्दी में बड़ी संख्या में पुलिस मौजूद रहेगी।
रायपुर पुलिस की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि
नया साल खुशनुमा और सुरक्षित तरीके से मनाएं,
संयम रखें और किसी भी तरह की अव्यवस्था न फैलाएं।







