कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। हरदीबाजार थाना क्षेत्र के रलिया गांव में एक 25 वर्षीय बेटी ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी युवती ने रात के अंधेरे में सो रहे पिता के गले और जबड़े पर हंसिया (दरांती) से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
नींद में किया प्राणघातक हमला
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वारदात सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच हुई। आरोपी गीता केंवट अपनी मां और बहनों के साथ कोरबा की पुरानी बस्ती में रहती है, जबकि उसके पिता अशोक केंवट गांव रलिया में अकेले रहते थे। गीता किसी दस्तावेजी काम (जाति प्रमाण पत्र) के सिलसिले में गांव आई थी और अपने बड़े पिता के घर रुकी थी, जहां से वह रात में पिता के घर पहुंची और खूनी खेल खेला।
चरित्र पर शंका और विवाद बनी वजह
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि पिता और पुत्री के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी। पिता अशोक को अपनी बेटी के रहन-सहन और भरण-पोषण के तरीकों पर ऐतराज था और वह उसके चरित्र पर शंका करता था। पिता की यही ‘समझाइश’ बेटी को नागवार गुजरी, जिसके कारण उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी बेटी को किया गिरफ्तार
एडिशनल एसपी लखन पटले ने बताया कि परिवार में काफी समय से विवाद चल रहा था और दोनों पक्षों का एक-दूसरे के घर आना-जाना भी बंद था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवती गीता केंवट को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया हंसिया भी बरामद कर लिया है।
कानूनी कार्रवाई और तफ्तीश जारी
हरदीबाजार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस वारदात में कोई और भी शामिल था या गीता ने अकेले ही इसे अंजाम दिया। फिलहाल, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।
इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। रलिया गांव के लोग इस बात से हैरान हैं कि एक बेटी अपने ही पिता के प्रति इतनी क्रूर कैसे हो सकती है।







