रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने समाजसेविका और पद्मश्री सम्मानित राजमोहिनी देवी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। 6 जनवरी को पुण्यतिथि के अवसर पर मुख्यमंत्री ने उनके जीवन और सामाजिक योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आदिवासी समाज से निकलकर सामाजिक कुरीतियों और अंधविश्वास के खिलाफ आजीवन संघर्ष करने वाली स्वर्गीय राजमोहिनी देवी का जीवन सामाजिक परिवर्तन की प्रेरणादायी गाथा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजमोहिनी देवी ने खास तौर पर आदिवासी महिलाओं के अधिकार, स्वाभिमान और स्वावलंबन के लिए उल्लेखनीय काम किए। महिलाओं को जागरूक करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना उनके संघर्ष का अहम हिस्सा रहा।
उन्होंने बताया कि नशाखोरी, कुप्रथाओं और शोषण के खिलाफ जनजागरण को राजमोहिनी देवी ने अपना ध्येय बनाया। समाज को इन बुराइयों के खिलाफ खड़ा करने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय राजमोहिनी देवी की निस्वार्थ सेवा, अदम्य साहस और लोकहित के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को सामाजिक न्याय, समानता और मानवीय गरिमा के लिए काम करने की निरंतर प्रेरणा देता रहेगा। उनका जीवन और कृतित्व समाज के लिए सदैव पथप्रदर्शक बना रहेगा।












