बिलासपुर: शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात नकाबपोश बदमाशों ने एक ज्वेलरी कारोबारी पर जानलेवा हमला कर लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने कारोबारी की कार रोककर उन पर पिस्टल तानी और विरोध करने पर हथौड़े से सिर पर वार कर दिया। लूट के बाद बदमाश अपनी कार और बाइक मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।
सुनसान रास्ते में कार और बाइक से घेरा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पीड़ित संतोष तिवारी की सोने-चांदी की दुकान है। मंगलवार रात करीब 9:30 बजे जब वे दुकान बंद कर अपनी कार से घर लौट रहे थे, तभी राजकिशोर नगर शक्ति चौक और बीएसएनएल ऑफिस के बीच सुनसान इलाके में बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। एक कार और बाइक पर सवार 3-4 नकाबपोशों ने कारोबारी को जबरन गाड़ी से बाहर निकाला।
पिस्टल मिस फायर हुई तो हथौड़े से किया हमला
पुलिस जांच और परिजनों के अनुसार, बदमाशों ने संतोष तिवारी पर पिस्टल तानकर जेवरात देने की धमकी दी। जब उन्होंने विरोध किया, तो आरोपियों ने फायरिंग की कोशिश की, लेकिन पिस्टल मिस फायर हो गई। इसके बाद बदमाशों ने पिस्टल के बट और हथौड़े से उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। कारोबारी के लहूलुहान होते ही आरोपी कार में रखे जेवरात लेकर चंपत हो गए।
मौके पर छूटी बदमाशों की कार और बाइक
वारदात के बाद भागते समय बदमाश अपनी कार (CG 10 BJ 8147) और पैशन प्रो मोटरसाइकिल (CG 10 P 0331) घटनास्थल पर ही छोड़ गए। पुलिस ने मौके से एक मैगजीन और कुछ जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। घायल कारोबारी ने किसी तरह सरकंडा थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई।
पुलिस महानिरीक्षक ने दी जानकारी
बिलासपुर आईजी रामगोपाल गर्ग ने मीडिया को बताया कि मौके पर फायरिंग नहीं हुई है, लेकिन मैगजीन और कारतूस मिले हैं। वहीं, सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह ने पुष्टि की है कि प्रार्थी के सिर पर हथौड़े से वार किया गया है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।
इलाके में दहशत का माहौल
इस सनसनीखेज लूट के बाद शहर के व्यापारियों और राजकिशोर नगर इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मौके पर छूटे वाहनों के दस्तावेजों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।












