रायपुर : छत्तीसगढ़ की साय सरकार के कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने पर वन, पर्यावरण एवं परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने सरकार की उपलब्धियों का लेखा-जोखा पेश किया है। उन्होंने बताया कि बीते दो वर्षों में राज्य ने पर्यावरण संरक्षण, सड़क सुरक्षा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है।
वन विभाग: बाघों का कुनबा बढ़ा, हरियाली में रिकॉर्ड वृद्धि
मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि छत्तीसगढ़ ने ‘हरित राज्य’ बनने की दिशा में बड़े कदम उठाए हैं:
हरियाली: राज्य के वन आवरण में 683 वर्ग किलोमीटर की वृद्धि हुई है। पिछले दो सालों में 7 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए हैं।
वन्यजीव: साल 2022 में प्रदेश में केवल 17 बाघ थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर 35 हो गई है।
हाथी संरक्षण: राज्य में 355 हाथियों के विचरण को देखते हुए ‘एलिफेंट ट्रेकिंग मैसेज सिस्टम’ लागू किया गया है ताकि मानव-हाथी संघर्ष कम हो सके।
भर्ती: विभाग में 463 पदों पर भर्ती हो चुकी है और 1,500 नई भर्तियां जल्द की जाएंगी।
परिवहन विभाग: सड़क सुरक्षा और ‘जीरो फेटेलिटी’ मिशन
सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विभाग ने नई रणनीतियां अपनाई हैं:
जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट: सड़क दुर्घटना में मौतों को शून्य पर लाने के लिए रायपुर को मॉडल जिला बनाया गया है। जल्द ही दुर्ग, बिलासपुर और जगदलपुर को भी इसमें शामिल किया जाएगा।
ग्रामीण बस योजना: ‘मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना’ के जरिए 425 नए गांवों तक पहली बार बस पहुंची है।
डिजिटल सेवाएं: ‘बस संगवारी ऐप’ और ऑनलाइन आरटीओ सेवाओं से जनता को राहत मिली है। अब ड्राइविंग लाइसेंस और आरसी की होम डिलीवरी की जा रही है।
ई-चालान: 20 टोल नाकों पर ऑटोमैटिक ई-चालान सिस्टम शुरू किया गया है, जो बिना टैक्स और फिटनेस वाले वाहनों को पकड़ता है।
इलेक्ट्रिक वाहन: EV नीति के तहत 1 लाख रुपये तक की छूट और ऑटो एक्सपो में ₹133 करोड़ की टैक्स छूट दी गई।
सहकारिता विभाग: किसानों की वित्तीय मजबूती
किसानों और ग्रामीणों के हित में सहकारिता विभाग ने बड़े फैसले लिए हैं:
नई समितियां: प्रदेश में 515 नई पैक्स (PAKS) समितियों का गठन किया गया।
धान खरीदी: 2,739 केंद्रों के माध्यम से 25.49 लाख किसानों से रिकॉर्ड 139 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा गया।
KCC: 1.45 लाख नए किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) जारी किए गए हैं।
कैशलेस इलाज और संरक्षण का संकल्प
मंत्री ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि सड़क दुर्घटना में घायलों के लिए कैशलेस उपचार की व्यवस्था शुरू की गई है, जिससे ‘गोल्डन ऑवर’ में जान बचाई जा सके। साथ ही पहाड़ी मैना और वन भैंसा जैसे दुर्लभ जीवों के संरक्षण के लिए विशेष कार्ययोजना पर काम चल रहा है।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को एक हरित, सुरक्षित और समृद्ध राज्य बनाना है, जहां विकास और पर्यावरण का संतुलन बना रहे।







