बगिया/जशपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को अपना 62वां जन्मदिन बेहद सादगी और पारिवारिक माहौल में मनाया। इस विशेष अवसर पर सीएम अपने गृहग्राम बगिया पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी माता जसमनी देवी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। घर पहुंचने पर मां ने पारंपरिक रूप से बेटे का तिलक लगाया और आरती उतारकर लंबी उम्र की कामना की।
मां ने सगुन दिया, पत्नी की मौजूदगी में हुई चर्चा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मुख्यमंत्री साय ने घर पहुंचते ही सबसे पहले अपनी माता के चरण स्पर्श किए। इस दौरान एक भावुक पल तब दिखा जब सीएम की पत्नी कौशल्या साय दूर बैठकर मां-बेटे के इस स्नेहपूर्ण मिलन को निहारती रहीं। मां ने अपने बेटे को जन्मदिन का सगुन (उपहार) भी दिया और काफी देर तक पारिवारिक विषयों पर चर्चा की।
परिवार के साथ सुनी सत्यनारायण व्रत कथा
जन्मदिन के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री की माता ने घर में भगवान सत्यनारायण की कथा का विशेष आयोजन रखा था। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उनकी माता जसमनी देवी और पत्नी कौशल्या साय सहित परिवार के सभी सदस्यों ने भक्तिभाव से कथा सुनी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
पारंपरिक तीर-धनुष के साथ पहुंचे पहाड़ी कोरवा
मुख्यमंत्री के बगिया स्थित निवास पर सुबह से ही बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बगीचा क्षेत्र से आए विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। समाज के सदस्य अपनी पारंपरिक वेशभूषा और तीर-धनुष के साथ पहुंचे थे, जिन्होंने अपनी सांस्कृतिक परंपराओं के बीच मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
PM मोदी और अमित शाह ने दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए छत्तीसगढ़ की प्रगति में उनके प्रयासों की सराहना की। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संदेश में लिखा कि साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शांति और सुरक्षा के नए कालखंड का गवाह बन रहा है। उन्होंने मां दंतेश्वरी से सीएम के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।












