रायपुर: छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति और निवेश के अनुकूल माहौल अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोर रहा है। सोमवार को जापान दूतावास के राजनीतिक मामलों के मंत्री नोरियाकी आबे ने विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस बैठक का मुख्य केंद्र छत्तीसगढ़ में जापानी निवेश, आर्थिक सहयोग और भविष्य की विकास संभावनाओं को तलाशना रहा।
जापानी मंत्री का रामलला की प्रतिमा से स्वागत
मुख्यमंत्री साय ने नोरियाकी आबे का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और स्मृति चिन्ह के रूप में भगवान श्री राम की प्रतिमा भेंट की। मुलाकात के दौरान सीएम ने अपनी पिछली जापान यात्रा के अनुभवों को साझा किया और बताया कि छत्तीसगढ़ अब वैश्विक निवेशकों के लिए एक पसंदीदा डेस्टिनेशन बनता जा रहा है।
नई औद्योगिक नीति और संसाधनों पर चर्चा
चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने जापान के राजनीतिक मामलों के मंत्री को प्रदेश सरकार की नई औद्योगिक नीति की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में उद्योगों के लिए न केवल प्रचुर प्राकृतिक संसाधन उपलब्ध हैं, बल्कि एक मजबूत आधारभूत संरचना (Infrastructure) भी तैयार की गई है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि राज्य सरकार की निवेश-हितैषी नीतियां निवेशकों को आकर्षित करने के लिए पर्याप्त अवसर प्रदान कर रही हैं।
उपस्थित रहे दिग्गज नेता
इस महत्वपूर्ण कूटनीतिक मुलाकात के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक किरण देव के साथ ही विधायक सुशांत शुक्ला भी मौजूद रहे। माना जा रहा है कि इस मुलाकात के बाद आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के औद्योगिक क्षेत्रों में जापान की बड़ी कंपनियों की भागीदारी बढ़ सकती है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और तकनीक के नए रास्ते खुलेंगे।









