रायपुर: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अफीम की खेती के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया है। सदन के भीतर और बाहर आक्रामक तेवर दिखाते हुए बघेल ने आरोप लगाया कि राज्य में अब अफीम बाहर से नहीं आ रही, बल्कि यहीं उगाई जा रही है। उन्होंने तंज कसते हुए इसे भाजपा का “नया स्टार्टअप” करार दिया और सवाल किया कि आखिर इन आरोपियों के तार किन बड़े नेताओं से जुड़े हैं?
“समोदा से बलरामपुर तक अफीम की महक”
भूपेश बघेल ने दुर्ग के समोदा, बलरामपुर और अब नगरी-सिहावा में अफीम की खेती होने का दावा किया। उन्होंने कहा, “दुर्ग में जिस तरह से अफीम की खेती पकड़ी गई, वह चौंकाने वाली है। पहले छत्तीसगढ़ के लोग जानते भी नहीं थे कि अफीम का डोडा कैसा दिखता है, लेकिन अब भाजपा शासन में लोग इसे जानने लगे हैं। भाजपा ने आय दोगुनी करने का यह नया और खतरनाक रास्ता निकाला है।”
एक एकड़ में डेढ़ करोड़ की कमाई: बघेल का गणित
पूर्व मुख्यमंत्री ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि पांच एकड़ में अफीम उगाई जा रही थी, जिससे करोड़ों की कमाई का खेल चल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि एक एकड़ में लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की अवैध कमाई हो रही है। बघेल ने सवाल दागा, “सरकार और मीडिया यह क्यों नहीं बता रहे कि अफीम उगाने वाले किसके करीबी हैं? मेरे समय में तो छोटी बात पर भी कहा जाता था कि यह भूपेश का करीबी है, अब सबको सांप क्यों सूंघ गया है?”
“छत्तीसगढ़ अब अफीमगढ़ बन गया है”
बघेल ने कड़े शब्दों में कहा कि अफीम की खेती को जैसे सरकार ने मौन मान्यता दे दी है। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर चुप नहीं बैठेगी और प्रदेश भर में उग्र प्रदर्शन करेगी। उन्होंने मीडिया से भी साहस दिखाने और पकड़े गए लोगों के राजनीतिक संबंधों का खुलासा करने की अपील की।
बीजेपी का पलटवार: “सुशासन में कोई नहीं बख्शा जाएगा”
कांग्रेस के इन गंभीर आरोपों पर भाजपा विधायक अनुज शर्मा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि किसी की संलिप्तता का दावा करना गलत है। शर्मा ने कहा, “यह सुशासन का राज है, यहाँ कोई भी अपराधी बख्शा नहीं जाएगा। सरकार मजिस्ट्रियल जांच कराएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के लिए हम संकल्पित हैं।” उन्होंने पलटवार करते हुए यह भी याद दिलाया कि पिछली सरकार में किन लोगों को संरक्षण मिलता था, यह पूरी जनता जानती है।









