बेमेतरा: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिला एवं सत्र न्यायालय में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अदालत के आधिकारिक ईमेल पर परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली। सुबह करीब 11 बजे जैसे ही कोर्ट की कार्यवाही शुरू हुई, इस ईमेल की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया। सुरक्षा के मद्देनजर तत्काल पूरे न्यायालय और उससे सटे तहसील परिसर को खाली करा लिया गया।
चप्पे-चप्पे की जांच में जुटी पुलिस और डॉग स्क्वॉड
धमकी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। कोर्ट परिसर में मौजूद वकीलों, कर्मचारियों और पक्षकारों को बाहर निकालकर गेट बंद कर दिए गए हैं। लोक अभियोजक शिव गोपाल श्रीवास ने बताया कि धमकी भरे मेल के बाद आज की पूरी अदालती प्रक्रिया रोक दी गई है और सुरक्षा टीमें बारीकी से जांच कर रही हैं।
बालोद कोर्ट को भी मिली धमकी
हैरान करने वाली बात यह है कि आज सिर्फ बेमेतरा ही नहीं, बल्कि पड़ोसी जिले बालोद के न्यायालय को भी इसी तरह का धमकी भरा ईमेल मिला है। बेमेतरा थाना प्रभारी सोनल ग्वाला के मुताबिक, प्रोटोकॉल के तहत पूरी जांच की जा रही है और ईमेल भेजने वाले का पता लगाने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है।
साजिश या शरारत? पहले भी मिल चुकी हैं धमकियाँ
छत्तीसगढ़ की अदालतों को धमकी मिलने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले 25 फरवरी को बिलासपुर हाई कोर्ट को भी उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके अलावा राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा और जगदलपुर की अदालतों में भी ऐसे ही ईमेल भेजे गए थे, जो बाद में महज अफवाह निकले। हालांकि, बार-बार मिल रही इन धमकियों ने पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन सबके पीछे कोई सोची-समझी साजिश है या फिर किसी की शरारत।









