दुर्ग: अपने बेबाक बयानों के लिए चर्चा में रहने वाले वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने होली से पहले बदमाशों की नींद उड़ा दी है। शनिवार को विधायक ने साफ एलान किया कि त्योहार के नाम पर गुंडागर्दी या महिलाओं से बदसलूकी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की है कि अगर कोई भी सड़क पर हुड़दंग करता दिखे, तो उसका वीडियो बनाकर भेजें, खबर देने वाले को 21,000 रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा।
व्हाट्सएप पर सबूत भेजें, सीधा जेल जाएंगे बदमाश
विधायक रिकेश सेन ने सख्त लहजे में कहा कि होली भाईचारे का पर्व है, दहशत फैलाने का जरिया नहीं। अगर कोई नशे में धुत होकर ट्रिपल राइडिंग करता है, बिना हेलमेट गाड़ी दौड़ाता है, हथियार लहराता है या माता-बहनों के साथ बदतमीजी करता है, तो नागरिक चुप न बैठें। ऐसे हुड़दंगियों की फोटो, वीडियो और गाड़ी का नंबर सीधा विधायक के व्हाट्सएप पर भेजें। रिकेश सेन ने भरोसा दिलाया है कि साक्ष्य मिलते ही आरोपियों को चिह्नित कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा और जानकारी देने वाले को सम्मान राशि दी जाएगी।
“माता-बहनों की सुरक्षा से समझौता नहीं”
विधायक ने कहा कि वे खुद भी इस बार ‘एक्टिव मोड’ पर रहेंगे और पुलिस के साथ तालमेल बनाकर वैशाली नगर की सड़कों पर नजर रखेंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सुरक्षित और मर्यादित होली मनाना ही असली परंपरा है। यह पहली बार नहीं है जब विधायक ने इस तरह का इनाम घोषित किया हो, इससे पहले भी वे बदमाशों के खिलाफ ‘गुप्त शिकायत पेटी’ और इनामी राशि जैसे एलान कर चुके हैं
विधायक रिकेश सेन का यह ‘इनामी’ दांव अपराधियों के मन में खौफ पैदा करने की एक कोशिश है। जब हुड़दंगियों को पता होगा कि सड़क पर खड़ा हर मोबाइल उन्हें जेल भिजवा सकता है और रिपोर्ट करने वाले को इनाम मिलेगा, तो निश्चित ही माहौल में सुधार होगा। हालांकि, पुलिस और प्रशासन को यह सुनिश्चित करना होगा कि इस इनाम के चक्कर में कोई निजी रंजिश न निकाली जाए, लेकिन मंशा साफ है— वैशाली नगर की सड़कों पर इस बार गुंडागर्दी के लिए कोई जगह नहीं है।









